“मुख्य शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता को विदाई सम्मान: उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद ने व्यक्त की शुभकामनाएं”


पंडित दिव्यांश शर्मा स्वतन्त्र पत्रकार
हरिद्वार, 31 अगस्त।
उत्तरांचल प्रधानाचार्य परिषद, जनपद हरिद्वार ने शनिवार को मुख्य शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता की सेवानिवृत्ति के अवसर पर एक भव्य विदाई सम्मान समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने उन्हें विदाई सम्मान पत्र भेंट कर उनके सुखद भविष्य की कामना की। परिषद के संरक्षक डॉक्टर घनश्याम गुप्ता और प्रधान डॉक्टर विजय कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता को पगड़ी, पटका, गंगाजली और बुके भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर परिषद के जिला अध्यक्ष डॉ दीपक कुमार शर्मा, जिला मंत्री डॉक्टर अरविंद शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष डॉ ओम सिंह सैनी, ओ पी गौनियाल, सुनील कटारिया, डॉक्टर लक्ष्मी देवी, विजेंद्र सैनी और सत्यपाल सिंह उपस्थित थे। परिषद के संरक्षक डॉक्टर घनश्याम गुप्ता ने कहा कि कमलेश कुमार गुप्ता योग्य, विद्वान, कर्मठ, सरल हृदय और व्यवहार कुशल अधिकारी हैं। उनके कार्यकाल में कभी किसी प्रबंध तंत्र, प्रधानाचार्य या शिक्षक को किसी पीड़ा का सामना नहीं करना पड़ा। परिषद के प्रधान डॉक्टर विजय कुमार और जिला अध्यक्ष डॉक्टर दीपक कुमार शर्मा ने मुख्य शिक्षा अधिकारी के सर्वाधिक लंबे और स्वर्णिम कार्यकाल की मुक्त कंठ से सराहना की। जिला मंत्री डॉ अरविंद शर्मा और जिला कोषाध्यक्ष डॉ ओम सिंह सैनी ने कहा कि रिटायरमेंट के बाद श्री गुप्ता के अनुभव का लाभ शिक्षा विभाग को मिलता रहेगा। परिषद के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता को विदाई सम्मान पत्र भेंट कर उनके दीर्घायु, स्वस्थ जीवन और प्रसन्नचित रहने की कामना की।







