प्रणव सिंह चैंपियन की मुहिम रंग लाई, हरिद्वार में अवैध वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

पंडित दिव्यांश शर्मा स्वतन्त्र पत्रकार हरिद्वार ब्यूरो न्यूज डेस्क, 12 फरवरी। हरिद्वार में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और अवैध रूप से संचालित वाहनों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई को हाल के दिनों में हुई दुर्घटनाओं के परिप्रेक्ष्य में बेहद गंभीर और निर्णायक कदम माना जा रहा है। एआरटीओ कृष्ण चंद्र पलड़िया के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सड़कों पर उतरकर बिना नंबर प्लेट, ओवरलोड तथा नियमों का उल्लंघन कर रहे वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की। अब तक 10 से 20 वाहनों को सीज किया जा चुका है, जबकि कई वाहनों के चालान भी काटे गए हैं। इस कार्रवाई के पीछे पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन की भूमिका भी महत्वपूर्ण है, जिन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से बिना नंबर प्लेट सड़कों पर दौड़ रहे अवैध खनन से जुड़े डंपरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। प्रणव सिंह निरंतर जनता के बीच रहते हैं और खनन जैसे बड़े मुद्दे पर खुद मैदान में उतर गए हैं। उनकी लोकप्रियता पूरे भारत में गूंजती है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह कार्रवाई एक दिन की औपचारिकता नहीं बल्कि निरंतर अभियान का हिस्सा है। सड़क दुर्घटनाओं में हो रही जनहानि को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है और भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे।








